पंजाब डेस्क: पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन के बाद दोनों दलों ने एक साथ बैठक की है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आज अपने चंडीगढ़ स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं के साथ दोपहर के भोजन पर मुलाकात की। इस दौरान पंजाब BJP अध्यक्ष केवाल सिंह ढिल्लों, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा और प्रदेश महासचिव अनिल सरीन मौजूद रहे। वहीं अकाली दल की ओर से सुखबीर सिंह बादल, बलविंदर सिंह भुंडर, दलजीत सिंह चीमा, बंटी रोमाना और सिकंदर सिंह मलूका मौजूद रहे।
इस बैठक के दौरान दोनों दलों में पंजाब चुनाव को लेकर अगामी रणनीति और गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा भी हुई। इस बैठक संबंधी जानकारी सांझा करते हुए सुखबीर बादल ने X पर पोस्ट शेयर की है। सुखबीर बादल ने सभी नेताओं का निमंत्रण स्वीकार करने और मुलाकात के लिए पहुंचने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब में BJP के साथ गठबंधन कर पंजाबी हितों के लिए प्रतिबद्ध सरकार देने के लिए प्रयासरत है। जल्द ही दोनों पार्टियां संयुक्त एक्शन प्लान जारी करेंगी। बैठक में 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली विशाल रैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। यह रैली पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर आयोजित की जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।


















