INS विंध्यगिरि की डिलीवरी के साथ नौसेना का प्रोजेक्ट 17A पूरा हो गया है. जानिए कैसे ब्रह्मोस, बराक-8 और स्टील्थ तकनीक से लैस 7 नीलगिरि क्लास युद्धपोत हिंद महासागर में भारत की ताकत बढ़ाएंगे?

भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट 17A का सातवां और आखिरी युद्धपोत INS विंध्यगिरि सौंप दिया गया है. शुक्रवार को कोलकाता के गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) में इसकी डिलीवरी हुई. इसके साथ ही नीलगिरि क्लास के सभी सात युद्धपोत नौसेना को मिल गए हैं. करीब 45 हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना के तहत 23 महीने में सभी युद्धपोत सौंपे गए हैं. हिंद महासागर में चीन की बढ़ती मौजूदगी और पाकिस्तान की समुद्री सैन्य तैयारियों के काउंटर के लिए प्रोजेक्ट 17A भारतीय नौसेना को ताकत देगी.

समुद्र में कितना ताकतवर है प्रोजेक्ट 17A?

  • प्रोजेक्ट 17A के सातों युद्धपोत भारतीय नौसेना को समुद्र में निगरानी, हमला करने और दुश्मन के हमलों से बचाव की ताकत देते हैं. हिंद महासागर में चीन की नौसैनिक गतिविधियों और पाकिस्तान की समुद्री चुनौतियों को देखते हुए इन युद्धपोतों की भूमिका अहम हो जाती है.
  • INS विंध्यगिरि ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल और बराक-8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल से लैस है. ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन के युद्धपोतों को निशाना बनाने की क्षमता देती है, जबकि बराक-8 दुश्मन के लड़ाकू विमानों और हवाई हमलों से सुरक्षा प्रदान करती है.
  • इसमें स्टील्थ तकनीक, आधुनिक रडार और अत्याधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणाली लगाई गई है. स्टील्थ तकनीक की वजह से दुश्मन के रडार पर इसकी पहचान करना मुश्किल होता है. इसके अलावा यह दुश्मन के जहाजों, लड़ाकू विमानों और पनडुब्बियों से मुकाबला कर सकता है.

स्वदेशी तकनीक से देश के उद्योगों को भी मिला फायदा

प्रोजेक्ट 17A सिर्फ नौसेना की ताकत बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिला है. इन युद्धपोतों में इस्तेमाल होने वाले लगभग 75% उपकरण और तकनीक भारत में विकसित या निर्मित किए गए हैं. इनके निर्माण से 200 से अधिक MSME कंपनियां जुड़ीं. परियोजना ने करीब 4,000 लोगों के लिए सीधे रोजगार के अवसर पैदा किए, जबकि 10,000 से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिला. आकार और क्षमता के लिहाज से भी ये युद्धपोत खास हैं. इनकी लंबाई 149 मीटर और वजन करीब 6,670 टन है. प्रत्येक युद्धपोत पर 225 नौसैनिक तैनात हो सकते हैं. साथ ही, इनमें हेलीकॉप्टर के संचालन की भी व्यवस्था है.

अब अगली पीढ़ी के युद्धपोतों पर नजर

प्रोजेक्ट 17A पूरा होने के बाद भारतीय नौसेना की अगली योजना प्रोजेक्ट 17B है. इसके तहत सात नए जनरेशन के गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की तैयारी चल रही है। इनके निर्माण के लिए शिपयार्ड चुनने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. इस परियोजना के लिए 2028 में अनुबंध होने की संभावना है.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30