मानवता के खिलाफ तनी हुई बांहों के साथ मार्च करते रोबोटों की विज्ञान-कथा वाली कल्पना भले ही अभी सिनेमा तक सुरक्षित रूप से सीमित हो लेकिन मानवीय नियंत्रण से बाहर निकलते एजेंटिक आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस (ए.आई.) का भूत अब अटकलों की दहलीज पार कर एक व्यावहारिक वास्तविकता बन चुका है।
अक्तूबर 2026 में, भारतीय कम्प्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) ने खुलासा किया कि कई भारतीय संगठनों को परीक्षण से गुजर रहे ए.आई. एजैंटों द्वारा निशाना बनाया गया था। इन एजैंटों ने फायरवॉल को दरकिनार किया, लाइव सिस्टम तक पहुंच बनाई और एप्लिकेशन कॉन्फिगरेशन, सार्वजनिक कोड रिपॉजिटरी तथा अत्यधिक उदार क्लाऊड सेवा भूमिकाओं में उजागर हुए क्रेडेंशियल्स और कनैक्शन सैटिंग्स के माध्यम से व्यक्तिगत डाटा और गोपनीय सामग्री सहित व्यावसायिक रिकॉर्ड पढ़ लिए। प्रभावित संगठनों में से किसी को भी इस अनधिकृत पहुंच का पता नहीं चला।
नवम्बर में, ट्रस्टेडसेक के संस्थापक डेव कैनेडी ने सी.एन.एन. पर खुलासा किया कि एक अनाम क्लाइंट को एक ए.आई. एजैंट समूह द्वारा किए गए उल्लंघन का सामना करना पड़ा, जो एक साथ कंपनी के डिजिटल बुनियादी ढांचे की जांच कर रहा था। एजैंटों ने वैध क्रेडेंशियल्स के साथ लॉग इन किया, एप्लिकेशन के टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चरण में एक खामी का फायदा उठाया, संवेदनशील डाटा चुराया और 14 मिनट में पूरे फाइल सिस्टम पर रैन्समवेयर तैनात कर दिया। पीड़ित संगठन लगभग साढ़े 4 घंटे तक इससे पूरी तरह अनजान रहा। जुलाई 2026 में, जिसे शोधकत्र्ता सरकारी एजैंसियों के खिलाफ पहला पूर्णत: स्वायत्त अभियान मानते हैं, एक मल्टी-एजैंट टूलकिट ने ताइवान में 21 सरकारी प्रणालियों का मानचित्रण किया, 85 उपयोगकत्र्ता खातों से समझौता किया और 4 दिनों में 2,500 से अधिक कार्मिक रिकॉर्ड निकाल लिए। अगस्त 2026 में, ब्रिटेन के ए.आई. सुरक्षा संस्थान ने खुलासा किया कि एंथ्रोपिक के ‘मिथोस 5’ ने वास्तविक लोगों को धोखा देने और सार्वजनिक रूप से उपयोग किए जाने वाले ओपन-सोर्स प्रोजैक्ट में दुर्भावनापूर्ण कोड डालने का प्रयास करने के लिए कई नकली पहचानों का उपयोग किया और फिर चुनौती दिए जाने पर अपने पहले के रिकॉर्ड में संशोधन किया तथा एक नई पहचान अपनाने पर विचार किया।
पारंपरिक ए.आई. मॉडलों के विपरीत, जो पूर्वनिर्धारित सीमाओं के भीतर चलते हैं और जिन्हें मानवीय हस्तक्षेप की आवश्यकता होती है, एजैंटिक प्रणालियां स्वायत्तता, लक्ष्य-संचालित व्यवहार और अनुकूलनशीलता दिखाती हैं और वे संपूर्ण व्यावसायिक वर्कफ्लो को निष्पादित करने के लिए ए.पी.आईका का उपयोग करके कई प्रणालियों और प्लेटफार्मों पर काम करती हैं। यही अंतर-संचालनीयता उन्हें मूल्यवान और खतरनाक भी बनाती है। तकनीकी खतरे के दो माध्यम, डाटा पॉइजनिंग और प्रॉम्प्ट इंजैक्शन, विशेष ध्यान देने योग्य हैं क्योंकि वे प्रणालियों की अखंडता पर प्रहार करते हैं। डाटा पॉइजनिंग अर्थात सिस्टम की अखंडता, विश्वसनीयता और प्रदर्शन को खराब करने के लिए प्रशिक्षण डाटा में जानबूझकर हेरफेर करना, एजैंटिक प्रणालियों के लिए सबसे कपटपूर्ण खतरों में से एक है और हाल के एक्सेंचर साइबर सुरक्षा सर्वेक्षण में 57 प्रतिशत संगठनों ने जनरेटिव ए.आई. तैनाती में इसके बारे में चिंता व्यक्त की है।
इस बीच, प्रॉम्प्ट इंजैक्शन टैक्स्ट या छवियों जैसी हानिरहित सामग्री में दुर्भावनापूर्ण निर्देश एम्बेड करता है। एक बार जब ए.आई. उस सामग्री को संसाधित करता है, तो छिपे हुए प्रॉम्प्ट सिस्टम के व्यवहार को हाईजैक कर लेते हैं। ये सक्रिय हमले के क्षेत्र हैं जो तैनात किए गए प्रत्येक एजैंट के साथ बढ़ते जाते हैं और यह समस्या उस स्थायी स्मृति से और जटिल हो जाती है, जिसे एजैंटिक प्रणालियां संवादों के दौरान बनाए रखती हैं। अन्य क्षेत्राधिकार पहले से ही प्रवर्तनीय ढांचे का निर्माण कर रहे हैं। हगिंग फेस की घटना के बाद जिन अमरीकी बैंकों ने अपने आंतरिक ए.आई. एजैंटों के आसपास नियंत्रण कड़े किए-एजैंटों की पहुंच को सीमित करना, उन्हें महत्वपूर्ण प्रणालियों से अलग करना, क्रेडेंशियल्स को प्रतिबंधित करना और किल स्विच बनाना-उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि जोखिम अस्तित्व के लिए स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा था। सरकार को ए.आई. जनित सामग्री के विनियमन से परे देखना होगा, जो सार्वजनिक बहस पर हावी रहा है लेकिन जोखिम के केवल एक छोटे से हिस्से को ही संबोधित करता है। विशेष रूप से एजैंटिक ए.आई. के लिए, एजैंटिक नियंत्रण खोने के विरुद्ध सुरक्षा और लचीलेपन की आवश्यकताओं को लागू किया जाना चाहिए, जिसमें तकनीकी और संगठनात्मक उपाय शामिल हों।
आवर्ती मूल्यांकन, तकनीकी ऑडिट और प्रदर्शन निगरानी को एक बार की समीक्षाओं की जगह लेनी चाहिए, क्योंकि एजैंटिक ए.आई. प्रणालियां सीखती हैं, अनुकूलन करती हैं और भटकती हैं और जो सिस्टम सोमवार को अपने ऑडिट में पास हुआ था वह शुक्रवार को अलग व्यवहार कर सकता है। प्रबंधन दृष्टिकोणों को निगरानी के वाॢषक अनुपालन अनुष्ठान की बजाय दैनिक कार्यों का एक अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
ए.आई. की दुनिया मिली सैकेंड के हिसाब से बदल रही है, रूप बदल रही है, गहरी हो रही है और स्वायत्त होती जा रही है। सहस्राब्दियों से जो चीज मानव जाति को पृथ्वी ग्रह पर साथ रहने वाली अन्य प्रजातियों से अलग करती रही है, वह है क्षैतिज, पाश्र्व और ऊध्र्वाधर रूप से सोचने की क्षमता, जिससे वह सूक्ष्मता, बारीकियों और जटिलता को समझ और समायोजित कर पाती है। यह सब उन मशीनों को आऊटसोर्स करना, जो इसे कहीं अधिक निर्ममता, दक्षता और क्रूरता से कर सकती हैं, पहले से ही मानवता के लिए अस्तित्व की चुनौती पेश कर रहा है। इसे अब निराशावादियों को पीछे धकेलते हुए और राष्ट्रीय स्तर पर या अंतर-सरकारी बाध्यकारी सम्मेलनों के माध्यम से ए.आई. के विकास को मजबूती से विनियमित करके इस खाई के किनारे से पीछे हटने की आवश्यकता है।-मनीष तिवारी(वकील, सांसद एवं पूर्व मंत्री)


















