नई दिल्ली। देश में कोरोना माहामारी का कहर जारी है, लेकिन जहां संभव हो रहा है, सरकार द्वारा लोगों को राहत भी दी जा रही है। ऐसी ही राहत भरी खबर है जम्मू में मां वैष्णो देवी दर्शन से जुड़ी। जानकारी के मुताबिक, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं को एक बार फिर मां वैष्णो देवी की पवित्र पिंडियों के समक्ष सुबह-शाम होने वाली दिव्य पूजा-अर्चना में शामिल होने की अनुमति दे दी है। ताजा व्यवस्था के अनुसार, एक बार में फिलहाल 5 श्रद्धालु ही पूजा में भाग ले सकेंगे। आमतौर पर एक समय में करीब 10 श्रद्धालु शामिल होते थे। पढ़िए कटड़ा से राकेश शर्मा की रिपोर्ट
अभी पवित्र गुफा के बाहर अटका आरती में शामिल होने की इजाजत नहीं मिली है। इसके अलावा श्रद्धालु अब कटड़ा, Vaishno Devi भवन और अर्द्धकुंवारी में रहने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। Vaishno Devi श्राइन बोर्ड ने इन स्थानों पर धर्मशालाओं में रुकने की भी अनुमति दे दी है। इसके साथ अन्य सुविधाओं के लिए भी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट मां वैष्णो देवी डॉट ओआरजी (www.maavaishnodevi.org) पर पंजीकरण करवाना होगा।
यही नहीं, Vaishno Devi श्राइन बोर्ड प्रशासन ने देश के अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी करते हुए इसे दोगुना कर दिया है। पहले यह संख्या प्रतिदिन मात्र 250 थी। अब इसे बढ़ाकर 500 कर दिया है। यह तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। पहले के आदेश की तरह ही प्रतिदिन 2,000 श्रद्धालु ही Vaishno Devi के दर्शन कर सकते हैं। इसमें 1,500 जम्मू कश्मीर के और 500 अन्य राज्यों के श्रद्धालु होंगे।


















