नई दिल्ली। बीते हफ्ते सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। कोरोना के बढ़ते मामले, भारत-चीन में बढ़ता तनाव और अमेरिकी डॉलर की मजबूती से दोनों कीमती धातुओं में तेजी का रुख रहा। हालांकि, सोना अपने ऑल टाइम हाई 56254 रुपये प्रति 10 ग्राम से अब तक 4813 रुपये तक गिर चुका है। वहीं चांदी 76008 रुपये प्रति किलो से 65424 रुपये पर आ गई है। इसके बावजूद मार्केट एक्सपर्ट का अनुमान है कि अगर डॉलर में तेजी आएगी तो लॉन्ग टर्म में सोने के दाम और तेजी से बढ़ेंगे। यानी अगले साल तक सोना 60 से 70 हजार रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंच सकता है।
सितंबर के पहले हफ्ते में सोने की कीमत जहां 469 रुपये गिरी थी, वहीं चांदी में 3965 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं दूसरे हफ्ते में सोने-चांदी की चमक बढ़ी और इस दौरान 24 कैरेट 10 ग्राम गोल्ड के हाजिर भाव में 423 रुपये की बढ़ोतरी देखी गई। वहीं चांदी 407 रुपये प्रति किलो मजबूत हुई।


















