US State Nebraska Diwali Festival: अमेरिका के नेब्रास्का राज्य की विधायिका ने दीपावली उत्सव को आधिकारिक मान्यता देने वाला एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया है. इस कदम को भारतीय महावाणिज्य दूतावास सिएटल ने राज्य में रह रहे हिंदू समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. यह पहल भारतीय परंपराओं को सम्मान देने की दिशा में अहम मानी जा रही है. 

यह प्रस्ताव राज्य सीनेटर जॉन फ्रेडरिकसन द्वारा प्रायोजित किया गया था. 31 मार्च को नेब्रास्का विधानसभा के स्पीकर जॉन आर्च ने इस पर हस्ताक्षर कर इसे औपचारिक रूप से पारित किया. इस फैसले के बाद दीपावली को राज्य स्तर पर मान्यता मिलने से भारतीय मूल के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

इस प्रस्ताव के तहत इस वर्ष 20 अक्टूबर को राज्यपाल जिम पिलेन के नेतृत्व में गवर्नर हाउस में भव्य दीपावली समारोह आयोजित करने की योजना है. भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस उपलब्धि को साझा किया और इसे सांस्कृतिक समावेशन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया.

प्रस्ताव में कहा गया है कि दीपावली केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि एकता और सद्भाव का प्रतीक है, जिसे विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिलकर मनाते हैं. साथ ही, यह पर्व अच्छाई, प्रकाश और ज्ञान की बुराई और अंधकार पर विजय का स्थायी संदेश देता है.

सिएटल स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने अपने बयान में कहा कि यह निर्णय अमेरिका के मिडवेस्ट क्षेत्र में बसे भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है. नेब्रास्का, जिसे “कॉर्नहस्कर स्टेट” के नाम से भी जाना जाता है, वहां लगभग 9,000 हिंदू निवास करते हैं. इस मान्यता से उनकी सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031