मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। देश के एक बड़े हिस्से में अचानक आए इस बदलाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई राज्यों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी ओलावृष्टि और बिजली कड़कने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने उत्तर से लेकर मध्य भारत तक के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तेज हवा के साथ-साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इन सभी इलाकों में लोगों को सावधान रहने को कहा गया है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है, जहां भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

देश के कई अन्य हिस्सों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि वहां मौसम खराब हो सकता है और लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम बिगड़ सकता है। एक तरफ जहां देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, वहीं ओडिशा में मौसम विभाग ने भीषण गर्मी और उमस को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का असर अब दिखने लगा है। शनिवार शाम को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तेज हवाओं के साथ जमकर ओले गिरे और बारिश हुई। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और सागर संभागों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश की वजह से ग्वालियर और रीवा जैसे इलाकों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आई है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर और हिमाचल के धर्मशाला में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा मार किसानों पर पड़ी है। राजस्थान के कई जिलों में ओलावृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने इसे ‘प्राकृतिक आपदा’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने के लिए कहा गया है। सरकार संकट की इस घड़ी में पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031