भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है. निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी होगी. उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे.
नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तारीख होगी. मतदान 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी.
बता दें गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है. इनमें बीजेपी के रामभाई मोकरिया, रामीलाबेन बारा और नरहरि अमीन, जबकि कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल का कार्यकाल खत्म होगा. इन चारों सीटों पर नए सदस्यों के चुनाव के लिए जून में मतदान कराया जाएगा. विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए बीजेपी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जबकि कांग्रेस अपनी सीट बचाने की रणनीति में जुटी है.
गुजरात में अभी क्या है विधानसभा का गणित?
गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीटों में से सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए के पास 164 विधायक हैं. इनमें सबसे ज्यादा 162 विधायक बीजेपी के हैं, जबकि 2 निर्दलीय विधायक सरकार का समर्थन कर रहे हैं. वहीं विपक्ष के पास कुल 18 सीटें हैं, जिनमें कांग्रेस के 12, आप के 4, सपा का 1 और 1 निर्दलीय विधायक शामिल है.



















