बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद को इंश्योरेंस सेक्टर में एंट्री का रास्ता मिल गया है. इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI ने पतंजलि आयुर्वेद और धर्मपाल सत्यपाल (DS) ग्रुप को मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है. इस मंजूरी के साथ करीब 4,500 करोड़ रुपये की डील पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है.

कितनी हिस्सेदारी खरीदेगी पतंजलि?

इस डील के तहत पतंजलि आयुर्वेद मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में 73.6% हिस्सेदारी खरीदेगी. वहीं, धर्मपाल सत्यपाल (DS) ग्रुप 24.5% हिस्सेदारी का मालिक बनेगा. यह हिस्सेदारी आदार पूनावाला समूह की सनोटी प्रॉपर्टीज और अन्य मौजूदा शेयरधारकों जैसे सेलिका डेवलपर्स और जगुआर एडवाइजरी सर्विसेज से खरीदी जा रही है.

IRDAI की मंजूरी के बाद क्या बदलेगा?

कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, IRDAI ने 28 जुलाई 2026 के पत्र के जरिए इस अधिग्रहण को मंजूरी दी है. यह मंजूरी पत्र जारी होने की तारीख से अगले तीन महीने तक वैलिड रहेगा. इस दौरान खरीदार समूह को शेयर ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और नियामक की सभी शर्तों का पालन करना होगा.

मंजूरी मिलने के बाद पतंजलि मैग्मा जनरल इंश्योरेंस की प्रमोटर कंपनी बन जाएगी. वहीं DS ग्रुप इस कंपनी में को-इन्वेस्टर की भूमिका निभाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की ग्रोथ और सॉल्वेंसी को मजबूत करने के लिए पतंजलि आगे भी पूंजी निवेश कर सकती है.

क्या अब ‘पतंजलि इंश्योरेंस’ शुरू हो जाएगा?

अगर आप सोच रहे हैं कि क्या अब बाजार में ‘पतंजलि इंश्योरेंस’ भी देखने को मिलेगा, तो फिलहाल ऐसा नहीं है.IRDAI की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि पतंजलि तुरंत नई इंश्योरेंस कंपनी लॉन्च करने जा रही है या ‘पतंजलि इंश्योरेंस’ नाम से नए प्रोडक्ट बाजार में आ जाएंगे.

दरअसल , पतंजलि एक ऐसी जनरल इंश्योरेंस कंपनी का अधिग्रहण कर रही है, जो पहले से काम कर रही है. मैग्मा जनरल इंश्योरेंस मोटर, हेल्थ, प्रॉपर्टी समेत 70 से ज्यादा जनरल इंश्योरेंस प्रोडक्ट पहले से ग्राहकों को उपलब्ध करा रही है.

पतंजलि के लिए यह डील क्यों है खास?

यह अधिग्रहण पतंजलि के लिए सिर्फ एक निवेश नहीं, बल्कि FMCG कारोबार से आगे बढ़कर फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में कदम रखने का बड़ा मौका माना जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में मैग्मा जनरल इंश्योरेंस ने अच्छी ग्रोथ दर्ज की है, जिससे इस डील को और भी अहम माना जा रहा है.

गांव और छोटे शहरों तक बढ़ सकती है पहुंच

पतंजलि के पास देशभर में करीब 2 लाख रिटेल आउटलेट्स का बड़ा नेटवर्क है. इसके अलावा राष्ट्रीय रिटेल चेन और 250 से ज्यादा पतंजलि मेगा स्टोर भी हैं.माना जा रहा है कि इसी मजबूत नेटवर्क का इस्तेमाल करके मैग्मा जनरल इंश्योरेंस अपनी पहुंच छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों तक और तेजी से बढ़ा सकती है. इससे कंपनी को नए ग्राहकों तक पहुंचने का बड़ा मौका मिलेगा.

मार्च 2025 में शुरू हुई थी डील

इस अधिग्रहण की शुरुआत मार्च 2025 में हुई थी. उस समय पतंजलि के नेतृत्व वाले खरीदार समूह और मौजूदा शेयरधारकों के बीच शेयर परचेज एग्रीमेंट (SPA) पर हस्ताक्षर किए गए थे. 12 मार्च 2025 को इसकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को भी दी गई थी.हालांकि, रेगुलेटरी रिव्यू में समय लगने की वजह से 12 मार्च 2026 को इस समझौते की लॉन्ग-स्टॉप डेट को आगे बढ़ाना पड़ा था.

करीब 16 महीने बाद मिली मंजूरी

एग्रीमेंट साइन होने के बाद यह डील लगभग 16 महीने तक रेगुलेटरी अप्रूवल का इंतजार करती रही. अब IRDAI से हरी झंडी मिलने के बाद मालिकाना हक बदलने का रास्ता साफ हो गया है.अब अगले तीन महीनों के भीतर शेयर ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और IRDAI की तय शर्तों को पूरा करने के बाद यह अधिग्रहण औपचारिक रूप से पूरा हो जाएगा.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930