सवाई माधोपुर: आज कल लोगों में जान जोखिम में डालकर रील बनाने का जुनून चढ़ा हुआ है। ऐसा ही एक मामला सवाई माधोपुर में भी सामने आया है। जहां रणथंभौर रोड़ स्थित गणेश धाम के नजदीक रणथंभौर टाईगर रिजर्व की सुरक्षा दीवार के पास कुछ लोग रील बनाने के चक्कर में एक मादा भालू और उसके बच्चे के बेहद नजदीक जा पहुंचे और अपने मोबाईल से भालू का वीडियो बनाते नजर आए।
लोगों को पास आता देख एग्रेसिव हुई माता भालू
दरअसर एक मादा भालू और उसका बच्चा रणथंभौर की सुरक्षा दीवार को पार कर सड़क पर आ गया। जिन्हें देखने और वीडियो बनाने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। हद तो तब हो गई, जब कुछ लोग मादा भालू और बच्चे के साथ रील बनाने के लिए मादा भालू के बेहद करीब जा पहुंचे। इस दौरान मादा भालू लोगों को अपने नजदीक आता देख एग्रेसिव भी हो गई और हमला करने के लिए खड़ी हो गई।
मादा भालू अपने बच्चे के साथ सड़क किनारे बैठी
मादा भालू को एग्रेसिव मूड में देख रील और वीडियो बनाने वाले लोग सकते में आ गये और मादा भालू से दूर हट गये। जिसके बाद भालू अपने बच्चे को लेकर एक पेड़ के सहारे सुरक्षा दीवार लांघ कर रणथंभौर के जंगलों में चली गई। जानकारी के मुताबिक करीब 15 से 20 मिनट तक भालू अपने बच्चे के साथ सड़क किनारे बैठी रही। उन्हें देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोग भालू के साथ रील बनाने और सेल्फी लेने लगे।
सेल्फी के चक्कर में नजदीक पहुंचे लोग
लोगों से परेशान होकर मादा भालू रणथंभौर की सुरक्षा दीवार के नजदीक जा पहुंची और एक पेड़ के सहारे जंगल में जाने की कोशिश करने लगी, लेकिन यहां भी लोगों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। लोग रील बनाने और सेल्फी लेने के चक्कर में मादा भालू के बेहद नजदीक जा पहुंचे। इसके बाद मादा भालू आक्रामक हो गई और हमला करने के मूड में आ गई। भालू को आक्रामक देख लोगों की सीटी-पिटी गुम हो गई और वे अपनी जान बचाने के लिए पीछे हट गए। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई, वरना कोई जनहानि हो सकती थी।



















