भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ की बंगलूरू मेट्रो में सफर करते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। ट्रॉली बैग के साथ आम यात्री की तरह सफर करते श्रीनाथ की सादगी ने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। कभी भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुआई करने वाले श्रीनाथ अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मैच रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट के कई सितारे मैदान से दूर होने के बाद भी फैंस की नजरों में बने रहते हैं। लेकिन कुछ तस्वीरें ऐसी होती हैं, जो किसी रिकॉर्ड या ट्रॉफी की वजह से नहीं, बल्कि खिलाड़ी की सादगी के कारण चर्चा में आ जाती हैं। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ की बंगलूरू मेट्रो में सफर करते हुए सामने आई तस्वीर भी कुछ ऐसी ही है। तस्वीर में भारत के पूर्व पेसर हाथ में ट्रॉली बैग लिए बिल्कुल आम यात्री की तरह मेट्रो में सफर करते नजर आ रहे हैं। न कोई तामझाम दिखाई दे रहा है और न ही उनके आसपास किसी तरह का बड़ा काफिला। यही अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को खासा पसंद आया।
कभी मैदान पर था ‘मैसूर एक्सप्रेस’ का खौफ
जवागल श्रीनाथ कर्नाटक से आने वाले भारत के सबसे प्रमुख तेज गेंदबाजों में रहे हैं। उन्हें ‘मैसूर एक्सप्रेस’ के नाम से भी जाना जाता था। उस दौर में जब भारतीय क्रिकेट लगातार विश्वस्तरीय तेज गेंदबाजों की तलाश में था, श्रीनाथ ने लंबे समय तक टीम की पेस अटैक की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने भारत के लिए 67 टेस्ट और 229 वनडे खेले। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी रफ्तार और अनुशासन के दम पर उन्होंने खास पहचान बनाई। लेकिन क्रिकेट से संन्यास लेने के वर्षों बाद उनकी चर्चा किसी गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में उनकी सादगी के कारण हो रही है।
तस्वीर में दिखी बिल्कुल आम जिंदगी
वायरल तस्वीर में श्रीनाथ जींस और हल्के नीले रंग की शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। उनके पास एक ट्रॉली बैग रखा हुआ है और वह मेट्रो में सफर कर रहे हैं। तस्वीर को देखने पर पहली नजर में ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि सामने बैठा शख्स कभी भारतीय क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाजी का नेतृत्व करने वाला रहा होगा। यही सामान्य-सा अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रहा है। कई क्रिकेट प्रशंसकों ने कहा कि श्रीनाथ का यह अंदाज उनकी उस सादगी को दिखाता है, जिसके लिए वह लंबे समय से जाने जाते हैं।



















