रायसेन. रायसेन जिला जेल के अंदर एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. जहां एक ने कैदी ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी पर फायरिंग कर हमला कर दिया. अचानक हुई इस घटना से पूरे जेल परिसर में हड़कंप मच गया. गोली चलने की आवाज सुनते ही जेल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हमला करने वाला कैदी धारा 307 के तहत जेल में बंद है.
जानकारी के मुताबिक, ये वारदात आज सुबह की बताई जा रही है. घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब जेल प्रहरी अपनी ड्यूटी पर था. उसी समय जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने अचानक उस पर गोली चला दी. गोली चलते ही प्रहरी गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद जेल में मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों में भी दहशत फैल गई. जेल में बंद विचाराधीन कैदी नीलेश निर्वेदी, जो कि धारा 307 यानी जानलेवा हमले के एक मामले में बंद है और बरेली के पास दिमाड़ा गांव का रहने वाला है.
फलों की टोकरी उठाने पहुंचा था कैदी
बताया जा रहा है कि आज जेल में स्कूली बच्चों का एक कार्यक्रम आयोजित होने वाला था. इसी कार्यक्रम के लिए फलों की टोकरी लेने के बहाने कैदी जेल प्रहरी के पास पहुंचा था, इसी दौरान उसने अचानक दिग्विजय सिंह तोमर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
अचानक हुई इस फायरिंग से वहां मौजूद सभी के होश उड़ गए. घायल प्रहरी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत भोपाल रेफर कर दिया.
घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक विचाराधीन कैदी के हाथ में हथियार कैसे पहुंचा. क्या उसे किसी जेलकर्मी या बाहरी व्यक्ति की मदद मिली थी या सुरक्षा जांच में किसी स्तर पर चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है.



















