रामबन : जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शिक्षा विभाग ने एक सरकारी स्कूल टीचर को एक छात्रा को परेशान करने के आरोपों के बाद सस्पेंड कर दिया है। रामबन के मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) द्वारा 15 सितंबर, 2026 को जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, आरोपी टीचर ‘गूल ज़ोन’ के ‘गवर्नमेंट हाई स्कूल हैरोग’ में तैनात था। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम, 1956 के नियम 31 के तहत की गई। यह कदम मामले की जांच के लिए 14 सितंबर को बनाई गई एक समिति की रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया।
आदेश में कहा गया है कि स्कूल की एक छात्रा के साथ कथित उत्पीड़न की घटना में शामिल होने के कारण आरोपी को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। सस्पेंशन की अवधि के दौरान, टीचर को ‘खारी ज़ोन’ के ‘गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल, भट्ठा’ से अटैच किया जाएगा।
ज़रूरी कार्रवाई और पालन के लिए इस आदेश की प्रतियां प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई हैं, जिनमें स्कूल शिक्षा निदेशक (जम्मू), ज़िला विकास आयुक्त (रामबन) और संबंधित ज़ोनल शिक्षा अधिकारी शामिल हैं।



















