ब्राजील में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव चल रहे हैं. इसको लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसके बाद उनका मजाक बन गया. ट्रंप ने ब्राजील की जगह पोस्ट में भारत का नाम लिख दिया. उनकी तरफ से हुआ यह ब्लंडर सोशल मीडिया पर चर्चा में है. ट्रप की ओर पहले भी कई गलतियां हो चुकी हैं. अहम बात यह भी है कि ट्रंप ने अपनी पोस्ट के जरिए अमेरिका में होने वाली चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठा दिया है.
ट्रंप ने सोशल पोस्ट में ब्लंडर तो किया ही है. उन्होंने इसके साथ ही अमेरिकी इलेक्शन सिस्टम पर निशाना भी साधा. उन्होंने ट्रूथ पर शेयर की पोस्ट में लिखा, ‘भारत के राष्ट्रपति चुनाव के लिए 125 मिलियन लोगों ने आज पहले राउंड की वोटिंग की. चुनाव खत्म होने के बाद जल्द ही नतीजे भी आ जाएंगे. वहीं डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और अमेरिका के कई अन्य शहरों और राज्यों में, जहां वोट देने वालों की संख्या बहुत कम होती है, नतीजों की गिनती करने में अक्सर हफ्तों लग जाते हैं. अमेरिका में वोटिंग सिस्टम भ्रष्ट है.’
बोल्सोनारो और लूला का कैसा रहा प्रदर्शन
गौरतलब है कि ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 98.81 प्रतिशत वोटों की गिनती पूरी होने तक बोल्सोनारो को 47.24 प्रतिशत वोट मिले, जबकि लूला को 44.91 प्रतिशत वोट हासिल हुए. पहले दौर में दक्षिणपंथी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से आगे रहे. हालांकि, वह सीधे जीत के लिए जरूरी 50 प्रतिशत वोट हासिल नहीं कर सके.
अब दोनों उम्मीदवारों के बीच 25 अक्टूबर को दूसरे दौर का मुकाबला होगा. ब्राजील की चुनाव व्यवस्था के मुताबिक, पहले दौर में जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल करना जरूरी है. दोनों में से कोई भी इस आंकड़े तक नहीं पहुंच सका, इसलिए अब दोनों दूसरे दौर में आमने-सामने होंगे.



















