नई दिल्ली। भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम के लिए तीन-हिस्सों वाली योजना का प्रस्ताव रखा है। भारत इस संघर्ष को खत्म कराने में बड़ी भूमिका निभाना चाहता है, जो अब अपने पांचवें साल में है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि युद्धविराम के इस प्रस्ताव में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और ब्लैक सी से होने वाली कमर्शियल शिपिंग शामिल है।
यूक्रेन के विदेश मंत्री ने की पुष्टि
पिछले महीने विदेश मंत्री एस. जयशंकर की कीव यात्रा के दौरान नई दिल्ली ने यूक्रेन को युद्धविराम का प्रस्ताव दिया था। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने पुष्टि की कि कीव को नई दिल्ली से ऐसा प्रस्ताव मिला है। उन्होंने इसे रूस के साथ युद्ध खत्म करने के मकसद से शुरू की गई चार अंतरराष्ट्रीय पहलों में सबसे व्यापक बताया।



















