रेवाड़ी : शहर की चरमराती सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कर्तव्य में कोताही बरतने के आरोप में नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर कुशल यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह बड़ी कार्रवाई सोमवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान हुई। हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग के प्रशासनिक सचिव अशोक कुमार मीणा ने लघु सचिवालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर के विकास और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में जब शहर की खस्ताहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठा, तो प्रशासनिक सचिव ने अधिकारियों की कार्यशैली पर भारी नाराजगी व्यक्त की।
प्रशासनिक सचिव के कड़े निर्देशों के तुरंत बाद जे.ई. कुशल यादव के निलंबन के आदेश जारी किए गए। इसके अलावा, जिला नगरायुक्त (DMC) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निलंबित JE के खिलाफ नियमानुसार आरोप पत्र का मसौदा तैयार कर जल्द से जल्द उच्च अधिकारियों को प्रस्तुत करें।
मामले की पुष्टि करते हुए डी.सी. अभिषेक मीणा ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक सचिव द्वारा व्यक्त की गई नाराजगी के बाद यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।



















