बिहार के सीवान में एक बार फिर तेजाब कांड हुआ है. जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया गांव का मामला है. यहां 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम हुसैन पर तेजाब डाल दिया गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि युवक के चेहरे पर तेजाब डालकर उसे उसकी दुकान के अंदर बंद कर आग लगा दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया.
मृतक की बहन अफसाना खातून के मुताबिक, बीते बुधवार (04 नवंबर) की रात करीब आठ बजे उन्हें भाई के साथ हुई घटना की सूचना मिली. वह मौके पर पहुंचीं तो नदीम गंभीर हालत में था. परिजन उसे सीवान सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
अफसाना का कहना है कि अस्पताल ले जाते समय भाई ने बताया था कि घटना में तीन लोग शामिल थे. हालांकि, हालत इतनी गंभीर थी कि वह किसी का नाम नहीं बता सका.
शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया हंगामा
पोस्टमार्टम के बाद आज (गुरुवार) परिजन शव लेकर अलावलपुर पहुंचे. वहां सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया. परिजनों ने जीबी नगर थानाध्यक्ष को निलंबित करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. अफसाना ने कहा कि जब तक डीएम और एसपी मौके पर नहीं आएंगे, वे शव नहीं हटाएंगे.
मौके पर पहुंचे SDO और SDPO
हंगामे की सूचना पर सदर एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ प्रांजल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया. एसडीओ ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बिहार में पहले भी सामने आए तेजाब कांड
सीवान की घटना से पहले 12 अक्टूबर 2026 को बेगूसराय में एक युवती और महिला डॉक्टर पर तेजाब फेंकने की घटनाएं सामने आई थीं. इससे पहले समस्तीपुर में 29 जुलाई को हुए हमले में झुलसे प्रवीण नारायण की 22 अगस्त को मौत हो गई थी.



















