Pushkar Fair 2026 Modi Buffalo/ अजमेर: राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले की रौनक इन दिनों परवान पर है। मेले के रेतीले धोरों पर देशभर से आए पशुपालक अपने बेहतरीन और बेशकीमती पशुओं के साथ डेरा डाले हुए हैं। जहां एक तरफ मारवाड़ी और नुकरा घोड़ों की चाल लोगों को आकर्षित कर रही है, वहीं सजे-धजे ऊंटों की कद-काठी भी पर्यटकों को लुभा रही है। लेकिन इस बार पूरे मेले में सबसे ज्यादा चर्चा एक खास मुर्रा नस्ल के भैंसे की हो रही है, जिसका नाम ‘मोदी’ है। इसकी कीमत जानकर हर कोई हैरान है, क्योंकि पशुपालक ने इसकी कीमत पूरे 75 लाख रुपये रखी है।

पहली बार घर से निकला और मेले में मचा दी धूम

इस कद्दावर भैंसे को लेकर पशुपालक कुलदीप सिंह पुष्कर मेले में पहुंचे हैं। खास बात यह है कि पशुपालक कुलदीप सिंह और उनका भैंसा ‘मोदी’, दोनों ही पहली बार पुष्कर मेले में शिरकत कर रहे हैं। कुलदीप सिंह के मुताबिक, ‘मोदी’ इससे पहले कभी अपने घर से बाहर नहीं निकला था। यह पहला मौका है जब इसे किसी बड़े पशु मेले में लाया गया है। मेले में आते ही इसने अपनी शानदार कद-काठी और शाही अंदाज से पशुपालकों व देशी-विदेशी पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इसे देखने और इसके साथ सेल्फी लेने के लिए बाड़े के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट रही है।

साढ़े पांच फीट ऊंचाई और हिसार की खास नस्ल

मुर्रा नस्ल के ‘मोदी’ की ऊंचाई करीब सवा पांच से साढ़े पांच फीट के बीच है। इसकी चमकदार काली त्वचा, मजबूत शरीर और आकर्षक बनावट इसे मेले के बाकी पशुओं से बिल्कुल अलग बनाती है। पशुपालक कुलदीप सिंह ने बताया कि इस भैंसे की सबसे बड़ी ताकत इसकी उच्च गुणवत्ता वाली ब्रीड है। इसे हरियाणा की हिसार यूनिवर्सिटी के एचएलडीबी सीमेन से तैयार किया गया है, जो देशभर में बेहतरीन दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार के लिए जाना जाता है।

मां का 22 किलो दूध का रिकॉर्ड बढ़ाता है इसकी वेल्यू

किसी भी भैंसे की असली कीमत उसकी वंशावली और दुग्ध उत्पादन क्षमता के इतिहास से तय होती है। कुलदीप सिंह बताते हैं कि ‘मोदी’ की मां का दूध उत्पादन रिकॉर्ड प्रतिदिन 22 किलोग्राम रहा है। यही वजह है कि उन्नत नस्ल तैयार करने वाले पशुपालकों के बीच इसकी जबरदस्त डिमांड और चर्चा है। उच्च नस्ल और शानदार शारीरिक बनावट के कारण ही इसकी कीमत 75 लाख रुपये आंकी गई है, जो कई लग्जरी कारों से भी ज्यादा है।

क्या 75 लाख में मिलेगा कोई खरीदार?

पुष्कर मेला हमेशा से अपने अनोखे और करोड़ों की कीमत वाले पशुओं के लिए जाना जाता रहा है। पहली ही बार मेले में आकर ‘मोदी’ ने सुर्खियां बटोर ली हैं। अब मेले में आए तमाम पशुपालकों और व्यापारियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस 75 लाख रुपये के कद्दावर भैंसे को कोई कद्रदान और खरीदार मिल पाता है या नहीं।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30