Viral Video: शादी-ब्याह और जश्न के मौके पर तेज आवाज में डीजे बजाना आजकल एक आम चलन बन गया है, लेकिन कई बार यह शोर इतने खतरनाक लेवल पर पहुंच जाता है कि आसपास की चीजें भी थर्राने लगती हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रक में लदे डीजे के गुजरने पर पूरी सड़क में कंपन महसूस किया गया और आसपास की दुकान पर रखे बिरयानी वाले बड़े भगोने भी अपने आप बजने लगे.
क्या दिख रहा है वीडियो में?
यह वीडियो 20 नवंबर की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @magadh_updates नाम के हैंडल से शेयर किया गया है. इस वीडियो में डीजे करण गुर्जर नाम का साउंड सिस्टम सड़क से गुजरता नजर आ रहा है. इसका शोर इतना ज्यादा था कि लोग अपने हाथों से दोनों कानों को कवर करके उसे कम करने की कोशिश करते नजर आए. वहीं वाटर कूलिंग मशीन की नाली में रुका पानी भी अपने आप छलने लगा. यही नहीं, दुकानों के बाहर लगे टीन शेड से भी धूल अपने आप बाहर निकलने लगी.
‘कान के पर्दे फट जाएं इतना शोर’
इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया- ‘दिल के रोगी, बच्चों को भूल जाइए, स्वस्थ व्यक्ति को भी दिल का दौरा पड़ जाएगा और कान का पर्दा फट जाएगा.’ महज कुछ ही घंटों में इस वीडियो को 1 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और हजारों लोग इसे शेयर कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.


















