Tirupati Balaji Kubera Loan Story: धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान वेंकटेश्वर ने माता पद्मावती से विवाह के लिए कुबेर से कर्ज लिया था. वहीं नीला देवी की भक्ति से तिरुपति में बाल दान की परंपरा जुड़ी है. जानिए पूरी पौराणिक कथा.
Tirupati Balaji Kubera Loan Story: आमतौर पर जब कोई भक्त मंदिर में दान करता है, तो उसके मन में भगवान के प्रति श्रद्धा और अपनी मनोकामना पूरी होने की उम्मीद होती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि तिरुपति बालाजी मंदिर में चढ़ाए जाने वाले दान को भगवान के एक पुराने कर्ज से भी जोड़कर देखा जाता है? धार्मिक मान्यता है कि भगवान वेंकटेश्वर ने माता पद्मावती से विवाह करने के लिए धन के देवता कुबेर से कर्ज लिया था.
Maharishi Bhrigu Curse to Lord Vishnu: महर्षि भृगु के श्राप से कैसे शुरू हुई यह कहानी?
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार महर्षि भृगु वैकुंठ पहुंचे. वहां भगवान विष्णु ने उनका स्वागत नहीं किया, जिससे नाराज होकर उन्होंने भगवान की छाती पर लात मार दी. भगवान विष्णु ने गुस्सा करने के बजाय उनके पैर दबाए, लेकिन उनकी छाती में माता लक्ष्मी का वास था. इस घटना से दुखी होकर माता लक्ष्मी वैकुंठ छोड़कर धरती पर चली गईं.
माता लक्ष्मी की तलाश में भगवान विष्णु वेंकट पहाड़ी पहुंचे और एक बांबी (चींटियों का घर) में तपस्या करने लगे. इस दौरान ब्रह्मा और शिव गाय और बछड़े का रूप लेकर उन्हें दूध पिलाने आते थे. बाद में भगवान विष्णु श्रीनिवास के रूप में पहचाने गए.
Neela Devi Hair Donation Story: नीला देवी ने भगवान को क्यों दान किए अपने बाल?
एक दिन एक ग्वाले ने गुस्से में भगवान श्रीनिवास पर कुल्हाड़ी चला दी. इससे उनके सिर के कुछ बाल चले गए. मान्यता है कि गंधर्व कन्या नीला देवी ने अपने बाल काटकर भगवान के सिर पर लगा दिए. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान ने बाल अर्पित करने की परंपरा को आशीर्वाद दिया. इसी मान्यता से तिरुपति में भक्त अपने बाल दान करते हैं.
Lord Vishnu Kubera Loan for Padmavati Marriage: पद्मावती से विवाह के लिए कुबेर से लिया था कर्ज
आगे चलकर भगवान श्रीनिवास का विवाह राजकुमारी पद्मावती से तय हुआ. विवाह की तैयारियों के लिए उन्हें धन की जरूरत थी. धार्मिक कथा के अनुसार, उन्होंने कुबेर से 1 करोड़ 14 लाख स्वर्ण मुद्राएं उधार लीं और कलयुग के अंत तक ब्याज सहित कर्ज चुकाने का वचन दिया.
इसी कहानी के आधार पर भक्तों के बीच मान्यता है कि तिरुपति बालाजी को दिया जाने वाला दान कुबेर का कर्ज चुकाने में मदद करता है. हालांकि, यह धार्मिक विश्वास है, मंदिर के वास्तविक वित्तीय कर्ज का प्रमाण नहीं.


















