कोरोना टीका लगवाबो, जिनगी ल बचाबो…इस प्रेरक संकल्प के साथ जिले में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण हेतु वैक्सीनेशन के लिए टीकाकरण केंद्रों में लोगों की भीड़ उमडऩे लगी है। लोगों की भीड़ को देखते हुए जिले में टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। जिले के पात्र लोगों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता साफ दिखने लगी है। कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु लोगों की इच्छाशक्ति के सामने चटख धूप भी फीकी पडऩे लगी है और कोरोना टीकाकरण केंद्रों में सुबह से शाम तक लोगों की कतार लग रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले के डोंगरगढ़ ब्लाक में 15 केन्द्रों में 2,092 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। संक्रमण से बचने हेतु यहां अब 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को भी वैक्सीनेशन कराने की सुविधा दी गई है। सरकार के निर्देश के बाद शुरुआत में ब्लाक में 15 स्थानों पर वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है और प्रत्येक सेंटर में 150 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान जागरुकता का परिचय देते हुए टीका लगवाने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। टीकाकरण केंद्र में पहुंचने वाले लोगों को पेयजल, बिस्कुट आदि की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसी तरह डोंगरगांव ब्लाक मुख्यालय में 245, अर्जुनी में 165, आसरा में 119, बडगांव चारभांठा में 153, खुज्जी में 175, करमतरा में 147, टप्पा में 133, तुमड़ीबोड़ में 196, धौंराभांठा में 98, खपरीकला में 120, कुतुलबोड़ भांठागांव में 80, रातापायली में 136, कोकपुर में 114, खुर्सीपार में 132 तथा तिलईरवार केन्द्र में 80 लोगों का टीकाकरण किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव में निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से 93 फीसदी लक्ष्य पूरा किया जा चुका है, जो कि पूरे जिले में उल्लेखनीय है। लाभार्थियों की भीड़ को ध्यान रखते हुए डोंगरगांव ब्लाक में पांच और नए टीकाकरण केन्द्र प्रारंभ किए गए हैं। यह केन्द्र रामपुर, पेंडरवानी, विचारपुर नवागांव, बनहरदी तथा अमलीडीह में बनाया गया है। इस संबंध में बीएमओ डा. रागिनी चंद्ररे तथा बीपीएम राकेश कुर्रे ने अधिकाधिक लोगों से दो गज की दूरी, मास्क तथा सैनेटाइजर के साथ-साथ अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वेक्सीनेशन कराने की अपील की है। बीएमओ डा. चंद्ररे ने बताया, कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों की जागरुकता बेहद जरुरी है। हालांकि, लाभार्थियों की भीड़ को ध्यान रखते हुए डोंगरगांव ब्लाक में पांच और टीकाकरण केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। यह केंद्र रामपुर, पेंडरवानी, विचारपुर नवागांव, बनहरदी तथा अमलीडीह में बनाया गया है। कोरोना टीका की लाभार्थी वीणा निषाद ने बताया, जिनगी ला बचाय बर कोरोना के टीका लगवाना जरुरी हे, इही सोच के मैं हर टीका के पहला डोज लगवा डारे हों। कई झन कहत रीहिन कि, टीका लगवाए के बाद बुखार आ जथे कहिके फेर मोला बुखार तको नइ अइस और मैं एकदम बने हंवव। मंसीर बाई धाकड़ ने बताया, टीका लगवाए के पहिली मैं अब्बड़ डर्रावत रेहेंव फेर लगवाए के बाद तो मोला कुच्छु असहज नइ लगिस। अब मैं बाकी लोगन मन ल भी कहि सकत हंव कि, उहू मन ला तुरंत टीका लगवाना चाहिए काबर कि टीका लगवाए ले कोरोना के बीमारी ले बचे जा सकत हे।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com