मेरठ। शहर में दूसरे दिन भी कंप्लीट लॉकडाउन सफल रहा। शासन के आदेश के तहत रविवार को प्रतिबंध के दूसरे दिन भी मेरठ की सड़कें सूनसान रहीं। बाजार बंद रहे और सड़कों पर जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग ही आते-जाते दिखे। यहां तक कि कॉलोनियों में सब्जी और फल वाले भी नहीं आए। शासन के आदेश के तहत 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लागू होने के चलते आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद किया गया है। रविवार को जहां शहर की सड़कें सुनसान रहीं, वहीं ज्यादातर इलाकों में गली-मोहल्लों में भी लोग बाहर निकलते नहीं दिखे। इसके अलावा न केवल बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा बल्कि आधे से ज्यादा पेट्रोल-पंप भी बंद ही रहे। कुछ इंडस्ट्री में काम चलता रहा लेकिन प्रतिबंध के कारण बाहर से मजदूर और कर्मचारी नहीं पहुंचे। इस कारण हाईवे, रैपिड रेल का काम भी प्रभावित रहा। इतना ही नहीं, शहर में जगह-जगह पुलिस की गश्त और थाने स्तर पर संबंधित क्षेत्र में पैदल मार्च भी जारी रहा। दिल्ली-देहरादून के बीच सिवाया टोल पर भी वाहन कम ही नजर आए। रविवार को शहर के कई प्रमुख चौराहों पर कुछ लोगों को पुलिस ने रोका और उनका आईकार्ड मांगा। कुछ ने आईकार्ड दिखाया तो कुछ ने अस्पताल जाने की बात कही, सभी को पुलिस ने जाने दिया। मगर कुछ लोग बेवजह सड़कों पर घूमने निकले थे, जिन्हें डंडा फटकार कर पुलिस ने खदेड़ा। प्रमुख बाजार आबूलेन, सदर, सेंट्रल मार्केट में सभी दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान रविवार को बंद रहे। सब्जी मंडी भी पूरी तरह से बंद रही। बेगमपुल, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा समेत शहर के मुख्य चौराहों पर पुलिस तैनात रही। इतना ही नहीं सुबह-सवेरे शहर की सड़कों पर निकली अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने अनाउंसमेंट भी कराया कि जिले में लॉकडाउन में लागू है। ऐसे में लोग बेवजह घर से बाहर न निकलें। साथ ही लोगों से अपील की गई कि जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है इसलिए घर में रहकर संक्रमण की चेन तोडऩे में पुलिस-प्रशासन की मदद करें। वहीं एक जिम्मेदार नागरिक की तरह घरों पर सर्वे के लिए आने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। (एजेंसी)

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031