पिछले कुछ हफ्तों में इज़रायल और हिज़बुल्लाह के बीच जंग तेज़ हो गई। इज़रायली सेना की तरफ से लेबनान पर ताबड़तोड़ हमलों से काफी तबाही मच गई। ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में गुरुवार, 16 अप्रैल को दोनों देशों में सीज़फायर लागू हो गया। दोनों देशों के बीच 10 दिन का सीज़फायर स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजे प्रभाव में आया। इस फैसले के बाद लेबनान में लोगों ने राहत की सांस ली और राजधानी बेरूत समेत कई शहरों में जश्न मनाया। हालांकि लोगों की खुशी ज़्यादा देर तक नहीं टिकी।
सीज़फायर के कुछ घंटे बाद ही इज़रायल ने किया उल्लंघन
लेबनान के साथ सीज़फायर होने के कुछ घंटे बाद ही इज़रायल ने इसका उल्लंघन कर दिया। लेबनानी सेना ने इज़रायल पर सीज़फायर उल्लंघन का आरोप लगाया। लेबनानी सेना के बयान के अनुसार दक्षिणी लेबनान के कई गांवों में इज़रायली सेना ने हमले किए। खियाम और दिब्बीने जैसे इलाकों में कुछ देर तक गोलीबारी की भी सूचना मिली। लेबनानी मीडिया और सेना ने दावा किया कि सीज़फायर उल्लंघन के बाद इज़रायली हमलों में प्रभावित क्षेत्रों में कुछ लोग घायल भी हो गए।
इज़रायल ने किया खंडन
इज़रायल ने सीज़फायर उल्लंघन के आरोप का खंडन किया है। इज़रायली सेना ने कहा है कि वो दक्षिणी लेबनान में हिज़बुल्लाह की गतिविधियों पर नजर रख रही है।



















