राजस्थान के सिरोही जिले के मण्डार थाना क्षेत्र से शनिवार देर शाम एक हृदय विदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. ढिबड़ी-मैथीपुरा रोड पर तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में एक महिला और उसके दो बेटे शामिल हैं. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर एक ही परिवार के चार सदस्य सवार होकर कहीं जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों ने तुरंत हादसे की पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने घायलों को भिजवाया अस्पताल

सूचना मिलते ही मण्डार थानाधिकारी प्रवीण आचार्य, एएसआई दिनेश रावल सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल मण्डार के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गुजरात के पालनपुर रेफर कर दिया गया.

इलाज के दौरान तीन की मौत

थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया कि पालनपुर में उपचार के दौरान महिला छैल कंवर पत्नी पूरनसिंह तथा उसके दो पुत्र श्रीपाल सिंह और विपुल सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में घायल पुत्री मनीषा का इलाज जारी है. दुर्घटना में कार चालक पंकज, निवासी पालनपुर, भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गांव में पसरा मातम

वहीं, इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांव में कोहराम मच गया. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930