सिर्फ चार साल पहले जो लड़का एमआईटी (MIT) के हॉस्टल में बैठकर कोडिंग सीख रहा था, आज वह दुनिया के सबसे युवा अरबपतियों की लिस्ट में शुमार हो चुका है. हम बात कर रहे हैं 25 साल के अमन सैंगर (Aman Sanger) की, जिनकी एआई कोडिंग कंपनी ‘कर्सर’ (Cursor) की पैरेंट कंपनी ‘एनीस्फीयर’ (Anysphere) को दिग्गज स्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने 60 बिलियन डॉलर  यानी करीब 5 लाख करोड़ रुपये में खरीदने का  फैसला किया है. इस मेगा डील के बाद अमन सैंगर की नेटवर्थ 5.5 बिलियन डॉलर पहुंच गई है.

कौन हैं अमन सैंगर? जानिए न्यूयॉर्क से MIT तक का सफर

अमन सैंगर का जन्म न्यूयॉर्क में हुआ था और वे भारतीय मूल के परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता अरविंद सैंगर आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) के पूर्व छात्र और हेज फंड इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं, जबकि उनकी मां शिल्पा सैंगर एक ऑर्थोडॉन्टिस्ट और एंटरप्रेन्योर हैं. अमन ने महज 14 साल की उम्र में कोडिंग करना शुरू कर दिया था. इसके बाद उन्होंने एमआईटी (MIT) में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई के दौरान अपने तीन दोस्तों माइकल ट्रुएल, सालेह आसिफ और अर्नविंड लुनमार्क के साथ मिलकर साल 2022 में ‘कर्सर’ स्टार्टअप शुरू किया था.  इसके बाद अपने बिजनेस पर फोकस करने के लिए चारों दोस्तों ने 21 साल की उम्र में कॉलेज ड्रॉप कर दिया था.

एमआईटी के हॉस्टल से शुरू हुई $60 बिलियन की कहानी

शुरुआत में उनका फोकस मैकेनिकल इंजीनियरिंग इंडस्ट्री के लिए AI Copilot बनाने पर था, लेकिन बाद में उन्होंने AI बेस्ड कोडिंग प्लेटफॉर्म पर दांव लगाया और यही फैसला गेमचेंजर साबित हुआ.आज एनीस्फीयर कंपनी में अमन सैंगर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) की भूमिका निभाते हैं, जबकि माइकल ट्रुएल कंपनी के सीईओ (CEO) हैं.

क्या है Cursor और क्यों दुनिया इसकी दीवानी है?

कर्सर (Cursor) एक एआई-पावर्ड कोडिंग प्लेटफॉर्म है जो डेवलपर्स को कोड लिखने, एडिट करने और जटिल सॉफ्टवेयर समस्याओं को समझने में मदद करता है. यह सिर्फ एक ऑटो-कम्प्लीट टूल नहीं है, बल्कि पूरे कोडबेस को समझकर डेवलपर्स का एआई साथी बनकर काम करता है. कर्सर की ग्रोथ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नवंबर 2025 में 1 बिलियन डॉलर का एनुअलाइज्ड रेवेन्यू (Annualized Revenue) पार करने वाली इस कंपनी का रेवेन्यू इस महीने की शुरुआत तक 4 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है.

Nvidia, Uber और Adobe जैसी दिग्गज कंपनियां हैं ग्राहक

आज दुनिया भर की लगभग 50,000 कंपनियों में लाखों डेवलपर्स कर्सर का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके ग्राहकों की सूची में एनवीडिया (Nvidia), एडोब (Adobe), उबर (Uber), शॉपिफाई (Shopify) और पेपैल (PayPal) जैसी दिग्गज टेक कंपनियां शामिल हैं.

SpaceX ने क्यों खरीदी कर्सर की पैरेंट कंपनी?

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने एनीस्फीयर को 60 बिलियन डॉलर के ऑल-स्टॉक सौदे में खरीदने के लिए औपचारिक मर्जर एग्रीमेंट पर साइन कर दिए हैं. दिलचस्प बात यह है कि यह घोषणा स्पेसएक्स के रिकॉर्डतोड़ नैस्डैक आईपीओ (Nasdaq IPO) के महज चार दिन बाद आई है. 

इस डील के बाद अमन सैंगर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर खुशी जताते हुए लिखा, “Excited to train some very strong models!” कंपनी को उम्मीद है कि यह ऐतिहासिक डील 2026 की तीसरी तिमाही (Q3 2026) तक पूरी हो जाएगी.

कर्सर शुरू करने से पहले अमन गूगल (Google) और ब्रिजवाटर एसोसिएट्स जैसी बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप भी कर चुके हैं. 21 साल की उम्र में कॉलेज छोड़ने वाले अमन आज एआई की दुनिया के नए चमकते सितारे बन चुके हैं.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31