पुणे: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस को अब तक कई अहम सबूत मिल चुके हैं. शुरुआत में यह मामला हादसा माना जा रहा था. लेकिन पुणे पुलिस को जांच के दौरान एक ऐसा सबूत मिला. जिससे पूरे मामले का रुख ही बदल गया और यह साबित हुआ कि केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं बल्कि एक सोची समझी साजिश थी. जिसे उसकी मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर लोहागढ़ किले पर अंजाम दिया था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी तो सीसीटीवी में कुछ ऐसा दिखा जिससे पुलिस आरोपी सिया और चेतन तक पहुंच गई. चेतन की ‘हुडी’ इस केस में सबसे बड़ा सबूत बनी.
चेतन ने 33 डिग्री तापमान में पहनी थी गर्म ‘हुडी’
पीटीआई की खबर के मुताबिक केतन अग्रवाल की मौत के बाद जब पुणे पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो लोहागढ़ फोर्ट पर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. इसमें पुलिस को हुड्डी पहने हुए एक लड़का दिखा जो लगातार केतन और सिया अग्रवाल का पीछा कर रहा था. पुलिस के लिए यही सबूत अहम बना. क्योंकि पुणे का मौसम फिलहाल गर्म है. लेकिन 33 डिग्री तापमान में भी एक लड़का ‘हुडी’ पहनकर घूम रहा है, जो सिया और केतन के पीछे था. पुलिस को यह सब असामान्य लगा क्योंकि सीसीटीवी में चेतन की गतिविधियां और उसके हाव-भाव भी संदिग्ध लग रहे थे. पुलिस ने जांच शुरू की तो लड़के की पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई और यही से जांच में हत्या का खुलासा हुआ.



















