Tata Sons के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने 12 अगस्त को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वे तत्काल पद नहीं छोड़ेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल 20 फरवरी 2027 को खत्म होगा। चंद्रशेखरन ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इसके बाद दोबारा चेयरमैन बनने के लिए अपना नाम आगे नहीं रखेंगे। चंद्रशेखरन ने एक स्टेटमेंट जारी कर यह बात कही है। चंद्रशेखरन का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब टाटा संस में नेतृत्व को लेकर लंबे समय से स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। फरवरी में उनके तीसरे कार्यकाल को मंजूरी देने का फैसला टाल दिया गया था। इसके बाद से टाटा ट्रस्ट और टाटा संस के बीच मतभेदों की खबरें लगातार सामने आती रही हैं।

6 महीने से अटका था दोबारा नियुक्ति का फैसला

चंद्रशेखरन ने अपने बयान में कहा कि पिछले करीब एक दशक तक टाटा संस का नेतृत्व करना उनके लिए बड़े सम्मान और जिम्मेदारी की बात रही है। उन्होंने बताया कि उनके अगले पांच साल के कार्यकाल को सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने सर्वसम्मति से मंजूरी देने की सिफारिश की थी। इस सिफारिश को टाटा संस की Nomination and Remuneration Committee और बोर्ड ने भी आगे बढ़ाया था। 24 फरवरी 2026 को इस प्रस्ताव को टाटा संस के बोर्ड के सामने रखा गया, लेकिन एक बोर्ड सदस्य के समर्थन नहीं देने के कारण फैसला आगे नहीं बढ़ सका।

चंद्रशेखरन ने कहा कि इस बैठक को छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। उनका मानना है कि टाटा संस जैसे बड़े कारोबारी समूह में आगे की रणनीति के लिए नेतृत्व को लेकर साफ तस्वीर होना जरूरी है।

टाटा ट्रस्ट के साथ मतभेद बना बड़ी वजह

चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का मामला सिर्फ बोर्ड की मंजूरी तक सीमित नहीं था। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने उनके अगले कार्यकाल को लेकर कुछ शर्तों और चिंताओं पर जोर दिया था। इनमें टाटा संस पर कर्ज कम करने, कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट नहीं कराने और शापूरजी पालोनजी ग्रुप से जुड़े मुद्दों को सुलझाने जैसे मामले शामिल थे। इन मुद्दों पर सहमति नहीं बनने के बाद फरवरी में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का फैसला टाल दिया गया था। टाटा ट्रस्ट और टाटा संस के बीच बोर्ड में प्रतिनिधित्व, कारोबारी रणनीति और शापूरजी पालोनजी ग्रुप की हिस्सेदारी से जुड़े मामलों पर भी मतभेद सामने आए हैं।

गिर गए ग्रुप के शेयर

एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की खबर के बाद टाटा ग्रुप के शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। टीसीएस का शेयर एनएसई पर सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर 3.81 फीसदी की गिरावट के साथ 2,352 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, टाइटन कंपनी का शेयर इस समय 1.87 फीसदी की गिरावट के साथ 5,033 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इसके अलावा टाटा स्टील का शेयर 2.47 फीसदी की गिरावट के साथ 183 रुपये पर और टाटा एलेक्सी का शेयर 2.53 फीसदी गिरकर 3713 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930