राजस्थान के कुचामनसिटी के नावां क्षेत्र के मिठड़ी बायपास पर आज सुबह डंपर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में कार सवार दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मौत का शिकार हुए लोगों में एक ही परिवार के तीन लोग और उनका ड्राइवर शामिल है. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और काफी दूर तक आवाज सुनाई दी.
सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर नावां उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. ग्रामीणों की मदद से फंसे शव निकाले गए. लेकिन उधर डंपर का ड्राईवर मौका देखकर भाग गया था. पुलिस ने हादसे की जांच भी शुरू कर दी है.
जयपुर की ओर से आ रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार मृतकों में लक्ष्मण सिंह, उनकी पत्नी तुलसी, बेटी शीतल और कार चालक रामाकिशन शामिल हैं। परिवार जयपुर की ओर से आ रहा था और मिठड़ी की तरफ जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे मुरड़ से भरे डंपर ने कार को टक्कर मार दी. तुलसी स्वास्थ्य विभाग में कासेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं. परिवार पालड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया गया है, पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है. थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. जल्द ही आरोपी ड्राईवर को गिरफ्तार किया जाएगा. इधर घटना के बाद परिजनों और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है. किसी को भी अंदाजा नहीं था कि पूरे परिवार के साथ ऐसा हादसा हो जाएगा.



















