देहरादून: देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला इलाके में बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। साईं मंदिर के पास एक अनियंत्रित ट्रक आई-20 कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई, जिसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, कार में सवार 11 साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

कार पर पलटा ट्रक, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, कार में तीन पुरुष, एक महिला और एक बच्चा सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी मृतक देहरादून के एक ही परिवार के थे। ट्रक की टक्कर के बाद वह कार के ऊपर पलट गया। ट्रक का अगला हिस्सा सड़क के दूसरी ओर था, जबकि उस पर रखा कंटेनर कार के ऊपर गिर गया। इससे कार बुरी तरह दब गई और उसमें सवार लोग फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस और बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

कार को काटकर निकाले गए शव

कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन को कटर से काटकर लोगों को निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस और एसडीआरएफ समेत कई बचाव दल मौके पर रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे।

ट्रक पर यूरिया से भरे कट्टे लदे हुए थे। उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया। बताया गया कि क्रेन की मदद से भी ट्रक को हटाने में परेशानी हो रही थी। हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के शव निकाले गए, जबकि बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।

एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम

हादसे के बाद देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। एक लेन पर जाम डाट काली मंदिर तक पहुंच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान के साथ यातायात सुचारू कराने का काम भी संभाला। हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बाद में यातायात को सुचारू कराया गया।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30