भोपाल। : राजधानी भोपाल के भदभदा रोड पर ताज होटल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में युवती की दर्दनाक मौत हो गई। युवती की पहचान सपना के रूप में बताई जा रही है। वह भोपाल में रहकर पत्रकारिता कीi पढ़ाई कर रही थी और एक न्यूज चैनल में इंटर्न के तौर पर भी काम कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। उसका परिवार असम में रहता है। वह अपनी बड़ी बहन के साथ भोपाल में रहकर पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ ही वह न्यूज चैनल में इंटर्नशिप कर अपने पत्रकारिता के करियर की शुरुआत कर रही थी।
रविवार सुबह भदभदा रोड पर ताज होटल के पास सपना की एक्टिवा को एक डंपर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवती का एक हाथ शरीर से अलग हो गया और सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सपना ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन हादसे की गंभीरता के चलते उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।एक उभरती पत्रकार की जिंदगी सड़क हादसे में खत्म होने की खबर से पत्रकारिता जगत में भी शोक का माहौल है। परिवार के असम में रहने की जानकारी सामने आई है। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


















