बारामूला : जिला बारामूला की तहसील खोई के पोथखाह मुकाम गांव में दो तेंदुए अपने बच्चों समेत देखे जाने की खबर के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में दो तेंदुए देखे गए हैं और बताया जा रहा है कि उनके साथ दो शावक भी मौजूद हैं। 14 नवंबर की शनिवार रात को एक बार फिर इन तेंदुओं की मौजूदगी एक बाग में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई। यह बाग हाई डेंसिटी सेब के पौधों वाला है, जहां CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में एक तेंदुए ने 5 भेड़ों को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद पिछले कुछ दिनों से तेंदुए इलाके में नजर नहीं आ रहे थे, लेकिन शनिवार रात को एक बार फिर उनकी गतिविधियां CCTV फुटेज में दर्ज की गईं। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए शिकार की तलाश में निकले थे।
एहतियात के तौर पर लोगों को घरों के अंदर रहने और शाम व रात के समय बिना किसी जरूरी काम के बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वन्यजीव विभाग की टीम ने भी दिन के समय इलाके का दौरा किया और लोगों को शाम के वक्त घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी। बताया जा रहा है कि तेंदुओं को पकड़ने के लिए कुछ स्थानों पर पिंजरे भी लगाए गए हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने वन्यजीव विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।


















