भारत और नेपाल के संबंध ‘रोटी-बेटी’ के ही नहीं हैं, बल्कि सभ्यता, संस्कृति, आस्था, अध्यात्म के भी हैं। प्रभु श्रीराम और माता जानकी इन संबंधों के ‘प्रतीक’ हैं। दोनों देश आपस में पूरक हैं। भारत नेपाल की बुनियादी जरूरतों की आपूर्ति का आधार-बिंदु है। भारत नेपाल की आपदाओं का सर्वप्रथम संबल भी है। नेपाल का प्रधानमंत्री कोई भी रहा हो, सीमा-विवादों को फिजूल ‘हवा’ दी गई हो, नेपाल का रुझान चीन और अमरीका तक भी भटका हो, लेकिन भारत की प्रतिबद्धता ‘पड़ोस प्रथम’ की नीति पर अडिग रही है। नेपाल के हालिया विध्वंसकारी प्रलय और उससे पहले महाविनाशक भूकंप का ही उदाहरण लें, तो सबसे अधिक और सबसे पहले भारत ने हाथ बढ़ाए हैं। चूंकि नेपाल के ‘जेन-जी’ प्रधानमंत्री बालेन (बालेन्द्र) शाह ने अपनी प्रथम, राजकीय, विदेश यात्रा के तौर पर भारत को चुना, तो भारत ने भी उसकी आस्थाओं और अपेक्षाओं को सुना और समझा। हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने 24,000 करोड़ नेपाली रुपए (1.63 अरब डॉलर) के आर्थिक पैकेज की घोषणा कर प्रधानमंत्री बालेन शाह की अपेक्षाओं की लगभग पूर्ति की है। नेपाल ने 2 अरब डॉलर की आर्थिक मदद और आसान, रियायती कर्ज की अपेक्षा की थी। भारत ने समझौतों के जरिए नेपाल के साथ इतना कुछ साझा किया है कि वे ‘अमूल्य’ हैं। मिट्टी-मलबा हुआ नेपाल दोबारा खड़ा हो सकता है। भारत की आर्थिक मदद नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के रास्ते पर दौड़ में ठोस संबल साबित हो सकती है। भारत-नेपाल के संबंधों का यथार्थ यह है कि वहां करीब 150 भारतीय कंपनियां सक्रिय हैं, जो नेपाली अर्थव्यवस्था की बुनियाद पुख्ता कर रही हैं। दोनों देशों ने फोरेंसिक, पुलिस प्रशिक्षण, प्रशासनिक सुधार, आयुर्वेद एवं परंपरागत चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं दवाएं, शहरी विकास, पशुपालन एवं मत्स्य पालन, अंतरिक्ष में सहयोग (सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क बनाना) सरीखे क्षेत्रों में 8 अति महत्वपूर्ण समझौते किए हैं। भारत नेपाल को भी विकास की बुलंदियों तक पहुंचाने को संकल्पित है, इन समझौतों से यही परिलक्षित होता है। चूंकि भारत-नेपाल आपस में ‘सांस्कृतिक सहोदर’ हैं, लिहाजा अयोध्या से जनकपुर धाम तक ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस टे्रन’ की शुरुआत ‘आस्थामयी क्रांति’ का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी का कथन उचित है कि नेपाल के बिना हमारे धाम और प्रभु श्रीराम भी अधूरे हैं। नेपाल का जनकपुर धाम माता जानकी का मायका है और अयोध्या की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पूरी दुनिया जानती है। करीब 604 किलोमीटर का सफर एक ही बार में 1150 यात्री कर सकेंगे।

भक्त भी तीर्थ कर सकेंगे, पर्यटक भी घूमेंगे और व्यापारियों के लिए भी सुगम आयाम खुलेंगे। नेपाल के साथ भारत ने 669 मेगावाट पनबिजली परियोजना का भी साझा शिलान्यास किया है। एक दीर्घकालिक समझौते के तहत भारत नेपाल से 10,000 मेगावाट बिजली खरीदने को पहले ही तैयार हो चुका है। उसकी नियामक व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। इससे दोनों ही देश लाभान्वित होंगे। नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिसा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देने का फैसला भी बेहद अहम है। इससे नेपाल को समुद्री व्यापार के लिए अतिरिक्त रास्ते मिलेंगे। हालांकि काठमांडू ने मुंद्रा बंदरगाह के इस्तेमाल को प्राथमिकता दी थी, लेकिन भारत की ओर से दिए गए अन्य विकल्प नेपाल के कारोबारी मार्गों में विविधता लाने और माल ढुलाई से जुड़ी परेशानियों को हल करने में मददगार साबित होंगे। कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा से दोनों के सीमा विवाद जुड़े हैं। 1950 की ऐतिहासिक संधि की भी समीक्षा की जानी है। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने खुलासा किया है कि लिपुलेख और भारतीय सेनाओं में गोरखा सैनिकों की भर्ती सरीखे संवेदनशील मुद्दों पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हुई। सेना में भर्ती भारत का विशेषाधिकार है और यह सुरक्षा का मामला भी है, लिहाजा इस पर गंभीरता से विमर्श किया जाएगा। नेपाल ने मार्च, 2026 में जो जनादेश दिया था, उसमें पुराने और पूर्वाग्रही राजनीतिक दलों के प्रति व्यापक मोहभंग सामने आया और ऐतिहासिक जनादेश बालेन शाह को मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके ‘स्पष्ट नजरिए’ की सराहना की है। प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि यह पड़ोस का रिश्ता ही नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है। दोनों की खुशियां और चुनौतियां साझी हैं। वे मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी हैं।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30