संसद सत्र की कार्यवाही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगी। यह कोई विशेष संसद सत्र नहीं है, बल्कि मॉनसून सत्र की निरंतरता ही है, क्योंकि उसका सत्रावसान नहीं किया गया था। मॉनसून सत्र जुलाई माह में बुलाया जाता है। उसके बाद चार महीने गुजर चुके हैं, कोई संसदीय कार्यवाही नहीं हुई, लेकिन मॉनसून सत्र जारी रहा। यह हास्यास्पद और सवालिया लगता है कि संसद का सत्रावसान क्यों नहीं किया गया? दिसंबर में अक्सर संसद का शीतकालीन सत्र होता है। शायद 15 दिसंबर के आसपास उसकी भी घोषणा कर दी जाए, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को दिल्ली में ही रहने और विदेश यात्राएं न करने के निर्देश दिए हैं। संसद का सत्रावसान न करना भी ‘राजनीति’ है। अलबत्ता संसद के नियमानुसार सत्र को कितना भी खींचा जा सकता है! अब महिला आरक्षण कानून के लिए परिसीमन संविधान संशोधन बिल पारित कराने के मद्देनजर यह संसद सत्र बुलाया गया है। लोकसभा की कार्यवाही लगातार तीन दिन चल सकती है, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही के लिए 2-3 दिसंबर की तारीखें तय की गई हैं। कुछ और विधायी कार्य भी निपटाए जा सकते हैं। परिसीमन का संविधान संशोधन बिल इसी साल अप्रैल में, संसद में, पारित नहीं किया जा सका था, क्योंकि बिल के समर्थन में 298 सांसदों ने वोट किए थे। संसद में संविधान संशोधन बिल को पारित कराने के लिए, सदन में उपस्थित सांसदों का, दो-तिहाई बहुमत अनिवार्य है। लोकसभा में फिलहाल 540 सांसद हैं, लिहाजा सरकार को 360 सांसदों का समर्थन सुनिश्चित करना ही होगा। इस दौरान भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव) के सांसद तोड़े हैं और वे दलबदल कर चुके हैं। वे आज एनडीए के समर्थक हैं। फिर भी एनडीए के पक्ष में 319 सांसद हैं। तमिलनाडु की द्रमुक पार्टी को अटल बिहारी वाजपेयी के दौर के संबंधों की याद दिलाई जा रही है। द्रमुक वाजपेयी सरकार में शामिल थी। विधानसभा चुनाव के बाद से द्रमुक कांग्रेस से बेहद नाराज है और लोकसभा में अपनी सीटें भी बदलवा चुकी है। द्रमुक ‘इंडी’ गठबंधन से भी अलग हो चुकी है। उसके 22 लोकसभा सांसद ‘अमूल्य’ हैं, हालांकि 360 के जादुई आंकड़े को छूना तब भी दूर है, लेकिन भाजपा और सरकार के भीतरी सूत्रों का दावा है कि लोकसभा में सरकार के पक्ष में, अपेक्षित दो-तिहाई से भी अधिक, 18 सांसदों का समर्थन है। उनमें 8 सांसद शरद पवार की एनसीपी के और 4 सांसद आंध्रप्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस के हो सकते हैं।
सदन में छोटे दलों के 10 और निर्दलीय 7 सांसद भी हैं। यदि सरकारी खेमे की तमाम कवायदें कामयाब रहीं, तो इस बार परिसीमन बिल पारित कराया जा सकता है। ‘नारी शक्ति वंदन बिल’ तो सितंबर, 2023 में ही संसद के दोनों सदन पारित कर चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 28 सितंबर, 2023 को हस्ताक्षर करने के बाद वह बिल कानून भी बन चुका है। उसे अप्रैल में संविधान संशोधन बिल पेश करने से ऐन पहले ‘अधिसूचित’ भी किया जा चुका है। अब भाजपा-एनडीए 2029 के लोकसभा चुनाव में 33 फीसदी महिला आरक्षण का लाभ उठाना चाहते हैं। उसी के मद्देनजर परिसीमन के जरिए प्रत्येक राज्य में लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। गंभीर सवाल यह है कि परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर क्यों कराया जा रहा है? 2011 में भारत की आबादी 121 करोड़ से अधिक थी और नवंबर, 2026 तक हमारी जनसंख्या 148 करोड़ को पार कर चुकी है। देश में अभी जनगणना जारी है। चूंकि आबादी बहुत बढ़ी है, तो क्षेत्रों का अनुपात भी बढ़ा होगा! अधिक आबादी पर औसत सांसद का निर्वाचन करना पड़ रहा है। कई सीटों पर तो 30-40 लाख से ज्यादा मतदाता होते हैं। यह दीगर है कि एसआईआर के बाद काफी काट-छांट हुई है, लेकिन एसआईआर तो अभी कुछ ही राज्यों में किया गया है। नई जनगणना के आंकड़ों और क्षेत्रों के नए सीमांकन के आधार पर परिसीमन क्यों नहीं कराना चाहिए? बेशक परिसीमन की प्रक्रिया देश के लिए परम आवश्यक है। इससे पहले परिसीमन 2002 में कराया गया था, जो 2001 की जनगणना के आधार पर था। वह काफी अद्यतन था। उसे 2008 में लागू किया गया था। तब से आज तक भारत व्यापक तौर पर बदला है, लिहाजा उस पर सियासत नहीं होनी चाहिए। यह माना जा रहा है कि विपक्षी दलों में से कुछ दल सरकार के साथ आ सकते हैं। यह भी खबर है कि 50 फीसदी तक सीटें बढ़ सकती हैं।


















