त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री से इस्तीफ़ा दे दिया था. इसके बाद से बीजेपी में कई नामों को लेकर अटकलें थीं. बुधवार को बीजेपी नेतृत्व ने तीरथ सिंह रावत के नाम पर मुहर लगा दी. 56 साल के रावत उत्तराखंड बीजेपी के प्रमुख भी रह चुके हैं. तीरथ सिंह रावत पौड़ी गढ़वाल से लोकसभा सांसद हैं. देहरादून में बीजेपी विधायक दल की बैठक में यह फ़ैसला लिया गया. आज शाम में चार बजे तीरथ सिंह रावत मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. बुधवार को बीजेपी के 50 से ज़्यादा विधायक देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय पहुँचे थे. इस बैठक में प्रदेश के सभी लोकसभा सांसद भी शामिल थे. शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, माला राज्य लक्ष्मी, अजय भट्ट और नरेश बंसल मौजूद थे. समाचार एजेंसी एएनआई से तीरथ सिंह रावत ने अपने नाम की घोषणा पर कहा, ”मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री और पार्टी प्रमुख के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया. छोटे से गाँव के पार्टी कार्यकर्ता को इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी दी गई है. मैंने कल्पना भी नहीं की थी कि इस मुकाम तक जाऊंगा. मैं लोगों को भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा और पिछले चार सालों में जो काम हुए हैं उन्हें गति दूंगा. उत्तराखंड जब बना था तब तीरथ सिंह रावत प्रदेश के पहले शिक्षा मंत्री थे. उसके बाद 2007 में उन्हें उत्तराखंड का राज्य महासचिव बनाया गया था. 2012 में विधायक चुने गए और 2013 में उन्हें उत्तराखंड बीजेपी की कमान सौंप दी गई. तीरथ सिंह रावत को लो प्रोफ़ाइल नेता और गृह मंत्री अमित शाह के कऱीबी माना जाता है. 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को यहाँ प्रचंड जीत मिली थी. 70 सदस्यों वाली उत्तराखंड विधानसभा में बीजेपी को 57 सीटों पर जीत मिली थी. कांग्रेस महज़ 11 सीटों पर सिमटकर रह गई थी.



















