पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर भारत और चीन के बीच जारी तनाव के बीच रूस का दौरा खत्म कर लौट रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अचानक ईरान की राजधानी तेहरान पहुंच गए हैं. उनका ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि पूर्वोत्तर में चीन और पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को इससे करारा झटका लगेगा.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, मैं ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल आमिर हतामी से मुलाकात करूंगा. सूत्रों ने कहा, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में भाग लेने रूस की राजधानी मॉस्को गए राजनाथ सिंह को शनिवार को ही भारत के लिए रवाना होना था.
ससे पहले एससीओ की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रूस के दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री ने मध्य एशियाई देशों उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और ताजिकिस्तान को भी साधने की कोशिश की. एलएसी पर जारी तनाव पर भारत और चीन के बीच कूटनीतिक कवायद का अभी तक बहुत असर नहीं हुआ है. अब सबकी निगाहें एससीओ में जयशंकर और वांग यी की प्रस्तावित यात्रा पर टिकी हुई हैं.


















