भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा डिजिटल भुगतान, विशेषकर यूपीआई लेनदेन में दो-स्तरीय प्रमाणीकरण (टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन) को अनिवार्य करना एक महत्वपूर्ण और समयोचित कदम है. बीते कुछ वर्षों में भारत ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है. पिछले माह मार्च में ही यूपीआई के माध्यम से 29.53 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन और 22.64 अरब ट्रांजेक्शन इस क्रांति की गवाही देते हैं. लेकिन इस तेजी के साथ साइबर धोखाधड़ी का ग्राफ भी उतनी ही तेजी से बढ़ा है, जिसने इस बदलाव को अनिवार्य बना दिया.

अब तक यूपीआई भुगतान प्रक्रिया अपेक्षाकृत सरल थी,एप खोलिए, पिन डालिए और भुगतान पूरा. यही सरलता इसकी लोकप्रियता का आधार बनी. लेकिन यही सुविधा साइबर अपराधियों के लिए अवसर भी बन गई. फर्जी कॉल, लिंक, स्क्रीन शेयरिंग के जरिए ठग आसानी से यूजर का यूपीआई पिन हासिल कर लेते थे. कई मामलों में उपभोक्ता को यह तक पता नहीं चलता था कि उनके खाते से पैसे कब और कैसे निकल गए.ऐसे में आरबीआई का यह निर्णय कि अब केवल पिन पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि ओटीपी, बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन जैसे अतिरिक्त सत्यापन की जरूरत होगी, डिजिटल सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम है. यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि यदि किसी कारणवश यूपीआई पिन लीक भी हो जाए, तो भी बिना दूसरे स्तर के प्रमाणीकरण के लेनदेन पूरा नहीं हो सकेगा.

हालांकि, इस बदलाव के साथ एक स्वाभाविक चिंता भी जुड़ी है,सुविधा में कमी. डिजिटल भुगतान की सफलता का सबसे बड़ा कारण उसकी तेजी और सरलता रही है. अब अतिरिक्त सत्यापन के कारण कुछ सेकंड की देरी होगी, जो खासकर छोटे और त्वरित लेनदेन में उपयोगकर्ताओं को असुविधाजनक लग सकती है. ग्रामीण और कम तकनीकी समझ वाले उपभोक्ताओं के लिए यह प्रक्रिया और अधिक जटिल भी हो सकती है.

लेकिन यह भी समझना होगा कि सुरक्षा और सुविधा के बीच संतुलन बनाना समय की मांग है. जिस तरह बैंकिंग क्षेत्र में एटीएम, नेट बैंकिंग और कार्ड भुगतान में दो-स्तरीय प्रमाणीकरण पहले से लागू है, उसी तरह यूपीआई जैसे व्यापक प्लेटफॉर्म पर भी यह आवश्यक हो गया था. डिजिटल अर्थव्यवस्था में विश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण तत्व है, और यह विश्वास तभी कायम रह सकता है जब उपभोक्ता को अपने पैसे की सुरक्षा का भरोसा हो.आरबीआई द्वारा बैंकिंग एप्स में स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग पर रोक लगाने का निर्णय भी इसी दिशा में एक अहम पहल है. इससे स्क्रीन शेयरिंग या डेटा चोरी के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा.कुल मिलाकर यह बदलाव केवल तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि डिजिटल व्यवहार में एक जरूरी अनुशासन लाने का प्रयास है. उपयोगकर्ताओं को भी अब अधिक सतर्क और जागरूक बनने की आवश्यकता है. थोड़ी सी अतिरिक्त सावधानी और कुछ सेकंड का अतिरिक्त समय, बड़े वित्तीय नुकसान से बचा सकता है. दरअसल,डिजिटल भारत के इस दौर में, यह स्पष्ट है कि अब प्राथमिकता केवल गति नहीं, बल्कि सुरक्षित गति होनी चाहिए. जाहिर है भारतीय रिजर्व बैंक का यह फैसला साइबर फ्रॉड रोकने की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल है, बाजार में इसकी क्या प्रतिक्रिया होती है यह देखना होगा. क्योंकि यह प्रक्रिया पूरी करने में व्यावहारिक कठिनाइयां जरूर आएंगी. फिर भी उपभोक्ताओं के व्यापक हित साधने वाला यह फैसला स्वागत योग्य है.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31