राजनांदगांव। हिन्दू युवा मंच जिला इकाई राजनांदगाँव ने बाहरी राज्यों से अनाधिकृत प्रवेश कर आये हुए फल व्यापारियों के शहर सहित पूरे जिले में व्यवसाय करने पर रोक लगाने की मांग पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण और महापौर हेमा देशमुख से की है। उक्ताशय की जानकारी देते हुए हिन्दू युवा मंच के जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी एवं पदाधिकारियों ने बताया कि, राजनांदगांव शहर सहित पूरे जिले में बीते कुछ वर्षों से बाहरी राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश और बिहार के व्यवसायियों द्वारा लंबे समय से फेरी लगाकर और स्थाई रूप से दुकान लगाकर फल का व्यवसाय किया जा रहा है। जिससे स्थानीय फल व्यापारियों का कारोबार चौपट होकर बुरी तरह से प्रभावित होने लगा है। यही नहीं स्थानीय फल व्यवसायी और बाहरी राज्यों के फल व्यवसायियों के बीच हो रही प्रतिस्पर्धा में स्थानीय व्यवसायी कहीं ना कहीं पिछड़ता नजर आ रहा है। स्थानीय व्यापारियों के लिए अब अपनी साख और वजूद बचाये रखना भी एक चुनौती साबित होने लगी है। जल्द ही इस चुनौती से न निपटा गया तो शहर सहित पूरे जिले में बाहरी राज्यों के फल व्यापारियों का एकाधिकार और कब्जा हो जाएगा और स्थानीय फल व्यवसायियों को इनसे फल खरीदने के लिए भी मोहताज होना पड़ जाएगा। मजबूरन मुंह माँगे दाम में इनसे फल खरीदना पड़ेगा। इस प्रकार से इन बाहरी राज्यों के व्यवसायियों ने शहर के फल व्यवसाय पर तो ग्रहण लगा ही दिया है, पूरे जिले में भी ये अपनी पैठ बनाने में लगे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर इनकी बदसलूकी और रंगदारी भी आये दिन कहीं न कहीं देखने और सुनने को मिल रही है। ये बाहरी राज्य के फल व्यवसायी स्थानीय लोगों यानि कि ग्राहकों से सीधे मुँह बात भी नहीं करते, आये दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। दिन-प्रतिदिन इनकी बढ़ती बदसलूकी और गुंडागर्दी अब आतंक का पर्याय बनने लगी है। वहीं भविष्य में भी किसी अनहोनी की ओर भी अनायास ही संकेत करने लगी है। सर्वविदित यह भी है कि, छत्तीसगढ़ एक शांत राज्य है और राजनांदगांव की तो सौहार्द्र के मामले में किसी अन्य शहर से तुलना भी नहीं की जा सकती। बीते कुछ वर्षों से शहर में आपराधिक घटनाओं के मामलों में बेतहाशा और अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। गौरतलब हो कि, आपराधिक घटनाओं जैसे चोरी, हत्या और लूट को बढ़ाने में बाहरी राज्यों के व्यक्ति काफी हद तक जिम्मेदार होते हैं। शहर में इससे पहले आनंदा रसोई रेस्टोरेंट और उड़ता पंजाब ढाबे के मालिकों के बच्चों के अपहरण, उठाईगिरी और फिरौती के मामलों में बाहरी लोगों की संलिप्तता ही सामने आई थी। वहीं शहर में हो रही चोरी की घटनाओं में भी बाहरी लोगों का हाथ होने की पूरी गुंजाईश है। उक्त अपराधिक घटनाएं यह इंगित करती है कि, बाहरी राज्यों के व्यक्तियों का स्थानीय व्यक्तियों के प्रति रवैय्या ठीक नहीं रहा और ये सदैव स्थानीय व्यक्तियों के लिए जानलेवा और हानिकारक ही साबित हुए हैं। उक्त घटनाक्रम को देखते हुए बाहरी राज्य के उक्त व्यापारियों को शहर और जिले से बाहर खदेडऩे में जरा भी चूक या देरी की गई तो आने वाले समय मे परिणाम बहुत घातक भी हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए यदि जल्द ही इस पर कोई संज्ञान ना लिया गया तो स्थिति और भी गंभीर और भयावह हो सकती है। हिन्दू युवा मंच दशकों पहले बसे बाहरी राज्यों के लोगों का विरोध कतई नहीं कर रहा। इसलिए भी क्योंकि अब वे यहां के स्थानीय निवासी हो चुके हैं, और छत्तीसगढ़ की आबोहवा और संस्कृति में रच-बस गए हैं। हमारा विरोध पिछले 4-5 वर्षों से शहर में अचानक बाहरी राज्यों से जबरिया घुस आए फल व्यवसायियों की बाढ़ से है। बीते 5 वर्षों में जितने भी बाहरी राज्य के व्यवसायी फल, ठेले, खोमचे में खाद्य पदार्थ और सामग्री बेचने वाले व्यवसायी शहर और जिले में आयें हैं। उक्त व्यवसायियों को चिन्हांकित कर शहर और जिले से खदेड़कर बाहर किया जाना चाहिए। अगर जल्द ही इस पर अंकुश ना लगाया गया तो एक दिन आधे शहर में इन बाहरी राज्यों के लोगों का कब्जा होगा, वहीं जिलेवासी डर और दहशत के साये में जीते नजर आएंगे और फिर इन्हें निकाल बाहर करना असंभव हो जाएगा। उपरोक्त मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण और महापौर हेमा देशमुख से शिकायत की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीमती सुरेशा चौबे ने इसे वाक़ई में जांच का विषय माना तो वहीं महापौर हेमा देशमुख ने बाहरी राज्यों के उक्त फल व्यवसायियों की पहचान सुनिश्चित कराने और उक्त विषंगतियों को दूर करने आलाधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए हिन्दू युवा मँच को यथोचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने हिन्दू युवा मँच के जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष अंकित खंडेलवाल, शहर संयोजक राजा ताम्रकार, जिला सह संयोजक तोमेश साहू, जिला प्रचार प्रमुख ढ़ालेश वैष्णव, शहर सह संयोजक मिहिर श्रीवास, दिव्यांग मिश्रा, अभिषेक शर्मा, शहर मंत्री जीत कुंवर लहरे, अजय साहू, रॉकी खोब्रागड़े, रवि साहू, अभिनव सिंह और गौरव मरकाम सहित हिन्दू युवा मंच के सदस्य एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031