Trending: मारवाड़ी एंटरप्रेन्योर प्रेम सोनी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसा नजरिया शेयर किया है, जिसे लोग खूब शेयर कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर लोग अपनी दौलत को रुपये के बजाय सोने के ग्राम में मापना शुरू कर दें, तो उनकी फाइनेंशियल सोच पूरी तरह से बदल सकती है.
सोने के ग्राम में ऐसे मापें अपनी दौलत
प्रेम सोनी के मुताबिक, 1 ग्राम सोने की कीमत एक अच्छे डिनर या जूते की जोड़ी के बराबर हो सकती है. वहीं 10 ग्राम सोने में स्मार्टफोन, लैपटॉप और टू-व्हीलर खरीदा जा सकता है. उनका दावा है कि 100 ग्राम सोना एक नॉर्मल कार, 250 ग्राम सोना बच्चे की पूरी कॉलेज एजुकेशन और 1 किलो सोना कर्ज मुक्त घर के बराबर माना जा सकता है.
आर्थिक आजादी के लिए कितना सोना जरूरी?
ज्वेलर प्रेम सोनी ने यह भी कहा कि 5 किलो सोना ऐसी फाइनेंशियल फ्रीडम का प्रतीक हो सकता है, जहां व्यक्ति को नौकरी या बॉस के ऑर्डर पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ती.
’50 ग्राम की बैलेंस शीट पर 5000 ग्राम की लाइफस्टाइल जी रहे सैलरीड लोग’
प्रेम सोनी का मानना है कि ज्यादातर नौकरीपेशा लोग एक बड़ी गलती करते हैं. उनके अनुसार, लोगों के पास सोने के रूप में वास्तविक संपत्ति बहुत कम होती है, लेकिन वे महंगे फोन, कार और घर जैसी चीजों पर भारी खर्च करते हैं. उन्होंने इसे ’50 ग्राम की बैलेंस शीट पर 5 हजार ग्राम की लाइफस्टाइल जीना’ बताया.


















